इस प्रॉजेक्ट के बारे में
ट्रांस नवागंतुक ऑनलाइन संसाधन केंद्र एक ऑनलाइन समुदाय है जो नए आए ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए जानकारी तथा सहायता प्रदान करता है जिसमें जानकारी तथा संसाधन, साथियों तथा संरक्षकों द्वारा सहायता, तथा सहायता का नेटवर्क बनाने के लिए एक मंच प्रदान करना शामिल है।
यह संसाधन कैनेडा में इमीग्रेशन करने के तरीकों या शरणार्थी पद प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जानकारी प्रदान नहीं करता है। इन मामलों के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए कृपया निम्न से संपर्क करें
Rainbow Refugee
वेबसाइट: rainbowrefugee.com
डाक पता:
Rainbow Refugee / QMUNITY
1170 Bute Street,
Vancouver, BC V6E 1Z6, Canada
हमेशा ट्रांसजेंडर व्यक्ति द्वारा चुने गए नाम का प्रयोग करें
कई ट्रांसजेंडर व्यक्ति अदालत के जरिए अपना नाम बदलवा कर कानूनी नाम प्रयोग करते हैं। किंतु कई ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के पास इतने साधन नहीं होते या कानूनन इतनी आयु नहीं होती कि वे कानूनी तौर पर अपना नाम बदलवा सकें। उनके द्वारा चुने हुए नाम को भी वही सम्मान मिलना चाहिए जो किसी ऐसे अन्य व्यक्ति (जैसे, प्रसिद्ध व्यक्ति) के नाम को मिलता है जो अपने जन्म वाले नाम के स्थान पर किसी अन्य नाम का प्रयोग करता है।
व्यक्ति के वास्तविक लिंग के लिए उपयुक्त सर्वनाम का प्रयोग करें।
किसी भी ऐसे व्यक्ति के लिए जो अपनी पहचान किसी एक लिंग विशेष के साथ करता है उसे उसी लिंग के लिए उपयुक्त सर्वनामों द्वारा संबोधित किया जाना चाहिए, चाहे उसने किसी प्रकार की सर्जरी या किसी प्रकार के हार्मोनों का प्रयोग किया हो या न किया हो। यदि आपको पूरा विश्वास नहीं है कि किस सर्वनाम का प्रयोग किया जाए तो आप उस व्यक्ति से पूछ लें: “आप कौनसे सर्वनाम का प्रयोग करते हैं?” यदि कोई व्यक्ति अपना लिंग बताना नहीं चाहता या यदि आपको उसके लिंग का पता न हो तो आप एकवचन वाले
they का प्रयोग कर सकते हैं।
हर व्यक्ति को अपने लिंग कि अभिव्यक्ति उस प्रकार कर सकनी चाहिए जो उसके लिए सुविधाजनक हो।
गैर-द्विचरी (non-binary) लैंगिक पहचान दर्शाने के लिए they का प्रयोग करें।
वर्ष 2015 में द वाशिंगटन पोस्ट ने अपनी शैली गाईड को अपडेट किया तथा they एकवचन का प्रयोग ऐसे लोगों के लिए करना शामिल किया “जो अपनी पहचान न तो पुरुष के तौर पर करते हैं और न ही स्त्री के रूप में”। जिन लोगों की पहचान द्विचरी लैंगिक पहचान नहीं है उनके लिए सर्वनामों they/them का प्रयोग बढ़ता जा रहा है। उदाहरण के लिए: “Jacob writes eloquently about their non-binary identity. They have also appeared frequently in the media to talk about their family’s reaction to their gender expression. (जैकब अपनी गैर-बाइनरी पहचान के बारे में स्पष्ट रूप से लिखते हैं। वे अपने लिंग की अभिव्यक्ति के बारे में अपने परिवार की प्रतिक्रिया के बारे में बात करने के लिए अक्सर मीडिया में दिखाई देते हैं।)” जैसे कि ऊपर कहा गया है, कृपया उस व्यक्ति से अवश्य पूछें कि वह अपनी पहचान किस रूप में करना चाहेगा।
यह सूची Gay and Lesbian Alliance Against Defamation (GLAAD) की मीडिया संदर्भ गाईड में से ली गई है। अधिक जानकारी
ट्रांसजेंडर
एक बहु-आयामी शब्द जिसका प्रयोग उन लोगों के लिए किया जाता है जिनकी लैंगिक पहचान तथा/अथवा लैंगिक अभिव्यक्ति जन्म के समय साधारणतया निर्धारित किए गए उनके लिंग से भिन्न होती है। ट्रांसजेंडर के छत्र के नीचे आने वाले लोग स्वयं को विभिन्न शब्दों से परिभाषित करते हैं जिनमें से एक शब्द ट्रांसजेंडर है। इनमें से कुछ शब्द नीचे परिभाषित किए गए हैं। जो पारिभाषिक शब्द किसी व्यक्ति को पसंद हो, कृपया उसके लिए उसी शब्द का प्रयोग करें। कई ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को डाक्टर हार्मोन लेने की सलाह देते है ताकि उनके शरीर का रूप उनकी लैंगिक पहचान के अनुकूल बनाया जा सके। कई लोग सर्जरी भी करवाते हैं। पर सभी ट्रांसजेंडर व्यक्ति ऐसे कदम उठा नहीं सकते या उठाना नहीं चाहते, इसलिए ट्रांसजेंडर की पहचान शारीरिक रूप अथवा डाक्टरी प्रक्रियाओं पर निर्भर नहीं करती।
ट्रांससेक्सुअल (पारलैंगिक)
इस पारिभाषिक शब्द की उत्पत्ति मेडिकल तथा मनोवैज्ञानिक समुदायों में हुई थी। कुछ लोग, जिन्होंने डाक्टरी हस्तक्षेपों द्वारा, जिनमें केवल हार्मोन तथा/या सर्जरी शामिल नहीं है, स्थायी तौर पर अपने शरीर में परिवर्तन कर लिए हैं या करना चाहते हैं, अभी भी इस शब्द को अधिक पसंद करते हैं।
ट्रांसजेंडर के विपरीत ट्रांससेक्सुअल शब्द बहु-आयामी नहीं है। बहुत से ट्रांसजेंडर व्यक्ति अपनी पहचान ट्रांससेक्सुअल के तौर पर नहीं करते तथा ट्रांसजेंडर शब्द को अधिक पसंद करते हैं। बेहतर हो कि संबंधित व्यक्ति से पूछा जाए कि वह कौनसा शब्द पसंद करेगा। यदि चाहें तो इसका प्रयोग एक विशेषण (ट्रांससेक्सुअल महिला या ट्रांससेक्सुअल पुरुष) के तौर पर किया जा सकता है।
ट्रांस
यह संक्षेप-शब्द है
जिसका अर्थ ट्रांसजेंडर या ट्रांससेक्सुअल होता है – या कई बार इसमें ट्रांसजेंडर के छत्र के नीचे बहुत प्रकार की पहचानें शामिल होती है। चूंकि इसका अर्थ सटीक नहीं है अथवा सभी द्वारा समझा नहीं जाता है, इसका प्रयोग ऐसे श्रोताओं के बीच सावधानी से करें जिन्हें इसका अर्थ पता न हो। जब तक इसका प्रयोग किसी स्पष्ट उद्धरण में अथवा किसी ऐसे कथन में न हो जहां पर इसका अर्थ आप स्पष्ट रूप से समझा सकते हो, इसके प्रयोग से बचें।
ट्रांसवेस्टाइट – क्रॉस-ड्रेसर
हालांकि कोई भी व्यक्ति भिन्न लिंग से जुड़े कपड़े पहन सकता है, शब्द क्रॉस-ड्रेसर का प्रयोग आम तौर पर ऐसे पुरुषों के लिए किया जाता है जो कभी कभी सांस्कृतिक दृष्टि से महिलाओं से जुड़े कपड़े, मेक-अप तथा अन्य साज-सामान पहनते हैं। ऐसे पुरुष विषम-लैंगिक ट्रांसवेस्टिज़्म अथवा भिन्न लिंग के कपड़े पहनने को लैंगिक अभिव्यक्ति का रूप मानते हैं और जिसे मनोरंजन के लिए नहीं किया जाता। क्रॉस-ड्रेसर स्थायी रूप से अपना लिंग परिवर्तन करना या पूरा समय महिला बनकर रहना नहीं चाहते।
द्वि-आत्मा (2-Spirit)
कुछ उत्तरी अमरीकी आदिवासी समाजों में इस शब्द का प्रयोग विविध लिंग पहचान, लिंग अभिव्यक्ति, लिंग भूमिका और यौन झुकाव वाले लोगों का वर्णन करने के लिए किया जाता है। द्वि-आत्मा (Two-Spirit) ओजिब्वे भाषा के शब्द ‘Niizh manidoowag,’ का अनुवाद है जो ऐसे व्यक्ति का वर्णन करता है जिसके शरीर में एक ही समय में स्त्री तथा पुरुष की आत्माएं रहती हैं। विभिन्न फर्स्ट नेशन्स समुदायों में दोहरे लिंगों या दो-आत्माओं वाले लोगों के प्रति विभिन्न नजरिए हैं।
परिवर्तन काल (Transition)
जन्म के समय निर्धारित लिंग को बदलना कोई आसान प्रक्रिया नहीं है; यह एक जटिल प्रक्रिया है जो लंबा समय चलती है। परिवर्तन काल में निम्न में से कुछ या सभी निजी, डाक्टरी तथा कानूनी कदम शामिल हो सकते हैं: अपने परिवार, मित्रों तथा सहकर्मियों को बताना; भिन्न नाम तथा नए सर्वनामों का प्रयोग करना; भिन्न तरह से कपड़े पहनना; कानूनी दस्तावेजों में अपना नाम तथा/अथवा अपना लिंग बदलना; हार्मोन चिकित्सा; और संभवत: (पर हमेशा नहीं) एक या अधिक प्रकार की सर्जरी। परिवर्तन काल में विभिन्न लोगों द्वारा विभिन्न कदम उठाए जाते हैं।
लैंगिक पुनर्निरधारण सर्जरी (SRS)
इसे लैंगिक पुष्टिकरण सर्जरी (GCS) भी कहते हैं। यह डाक्टर के निरीक्षण में किए गए सर्जरी हस्तक्षेप हैं जो परिवर्तन काल (ऊपर देखें) का एक छोटा सा भाग हैं। “लिंग परिवर्तन आपरेशन” जैसे शब्दों से बचें। किसी के बारे में “आपरेशन-पूर्व” या “आपरेशन उपरांत” का प्रयोग करने से परहेज करें। सभी ट्रांसजेंडर लोगों के पास डाक्टरी सर्जरी के लिए आवश्यक साधन या इच्छा नहीं होती। पत्रकारों को चाहिए कि वे परिवर्तन की प्रक्रिया में सर्जरी की भूमिका को अत्याधिक महत्त्व न दें।
गहरा लैंगिक असंतोष (Gender Dysphoria)
वर्ष 2013 में अमेरिकन मनोरोग ऐसोसिएशन ने मानसिक रोगों के लिए नैदानिक तथा सांख्यिकी गाईड (DSM-V) का पांचवां संस्करण जारी किया जिसमें पुराने इंदराज़ “Gender Identity Disorder” (“लैंगिक पहचान विकार”) के स्थान पर Gender Dysphoria (गहरा लैंगिक असंतोष) को शामिल किया गया तथा निदान के मापदंडों को बदल दिया गया। मनोरोग निदान की आवश्यकता आज भी विवादास्पद बनी हुई है क्योंकि मनोरोग तथा मेडिकल अधिकारी दोनों लैंगिक असंतोष का इलाज हार्मोनों तथा/अथवा सर्जरी के जरिए व्यक्तिगत स्तर पर करने की सिफारिश करते हैं। कुछ ट्रांसजेंडर समर्थकों का विश्वास है कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए डाक्टरी तौर पर आवश्यक इलाज को स्वास्थ्य बीमे में शामिल करने के लिए आवश्यक है कि लैंगिक असंतोष को DSM में शामिल किया जाए।
लैंगिक पहचान (Gender Identity)
यह किसी व्यक्ति की आंतरिक, उसके लिंग के बारे में गहराई से समझ है। ट्रांसजेंडर लोगों के मामले में उनकी अपनी आंतरिक लैंगिक पहचान उस लिंग के साथ मेल नहीं खाती जो उनके लिए जन्म के समय निर्धारित किया गया था। अधिकतर लोगों की लैंगिक पहचान पुरुष या नारी (या, लड़का या लड़की) होती है। कुछ लोगों के लिए उनकी लैंगिक पहचान इन दो विकल्पों में से एक के साथ पूरी तरह फिट नहीं बैठती (नीचे गैर-द्विचर तथा/या जेंडरक्वीयर देखें)। लैंगिक अभिव्यक्ति (नीचे देखें) के विपरीत लैंगिक पहचान अन्य लोगों को नजर नहीं आती।
लैंगिक अभिव्यक्ति (Gender Expression)
लिंग की बाहरी अभिव्यक्तियां जो किसी व्यक्ति के नाम, सर्वनाम, कपड़े, बाल कटवाने के ढंग, व्यवहार, आवाज और / या शरीर की विशेषताओं के माध्यम से व्यक्त की जाती हैं। समाज इन संकेतों की पहचान मर्दाना तथा जनाना के रूप में करता है हालांकि मर्दाना तथा जनाना समझी जानी वाली चीजें समय के साथ तथा सभ्याचार के साथ बदलती रहती हैं। आम तौर पर ट्रांसजेंडर लोग अपनी लैंगिक अभिव्यक्ति को लैंगिक पहचान के साथ जोड़ना चाहते हैं, न कि उस लिंग के साथ जो उनके लिए जन्म के समय निर्धारित किया गया था।
लैंगिक रुझान (Sexual Orientation)
लैंगिक रुझान किसी व्यक्ति के किसी अन्य व्यक्ति की ओर स्थायी शारीरिक, रोमांटिक तथा/या भावनात्मक आकर्षण का वर्णन करता है। लैंगिक पहचान तथा लैंगिक रुझान एक ही चीज नहीं हैं। ट्रांसजेंडर लोग स्ट्रेट, लेस्बियन, गे, बाइसेक्सुअल या क्वीयर हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, पुरुष से नारी में परिवर्तित हो रहा व्यक्ति, जो केवल पुरुषों की ओर आकर्षित होता हो, साधारण तौर पर स्ट्रेट औरत माना जाएगा।
सिसजेंडर (Cisgender)
इस शब्द का प्रयोग उन लोगों के लिए किया जाता है जो ट्रांसजेंडर नहीं हैं। “Cis-” एक लेटिन उपसर्ग है जिसका अर्थ है “उसी की तरफ ही”। अत: यह “ट्रांस-“ का विलोम है। जो लोग ट्रांसजेंडर नहीं हैं, उनका वर्णन करने का एक अधिक आसान तरीका है “गैर-ट्रांसजेंडर लोग” का प्रयोग करना।
लिंग गैर-अनुरूप (Gender Non-Conforming)
इस पारिभाषिक शब्द-समूह का प्रयोग ऐसे कुछ लोगों के लिए किया जाता है जिनकी लैंगिक अभिव्यक्ति मर्दानगी तथा स्त्रीत्व की पारंपरिक अपेक्षाओं से भिन्न है। कृपया याद रखें कि सभी लिंग गैर-अनुरूप व्यक्ति अपनी पहचान ट्रांसजेंडर के रूप में नहीं करते और न ही सभी ट्रांसजेंडर लोग लिंग गैर-अनुरूप होते हैं। कई लोगों की लैंगिक अभिव्यक्ति पूरी तरह पारंपरिक नहीं होती – केवल एक यही तथ्य उन्हें ट्रांसजेंडर नहीं बना देता। कई ट्रांसजेंडर पुरुषों तथा औरतों की लैंगिक अभिव्यक्ति पारंपरिक पुरुष या स्त्री वाली होती है। केवल ट्रांसजेंडर होने से वे लिंग गैर-अनुरूप नहीं हो जाते। यह शब्द ट्रांसजेंडर या ट्रांससेक्सुअल का समानार्थक नहीं है और इसका प्रयोग तभी करना चाहिए जब कोई व्यक्ति अपनी पहचान लिंग गैर-अनुरूप के तौर पर करता है।
गैर-द्विचर तथा/या जेंडर-क्वीयर
यह पारिभाषिक शब्द उन लोगों के लिए प्रयोग किए जाते हैं जो यह अनुभव करते हैं कि उनकी लैंगिक पहचान तथा/या लैंगिक अभिव्यक्ति पुरुष तथा स्त्री की श्रेणियों के बाहर बैठती है। वह कह सकते हैं कि उनका लिंग कहीं पुरुष तथा स्त्री के बीच है, या वे उसे इन शब्दों के बिल्कुल भिन्न रूप से कर सकते है। यह पारिभाषिक शब्द ट्रांसजेंडर या ट्रांससेक्सुअल का समानार्थक नहीं है तथा इसका प्रयोग तभी करना चाहिए जब कोई व्यक्ति अपनी पहचान गैर-द्विचर तथा/या जेंडर-क्वीयर के तौर पर करता है।
ऊपर दी गई सूची किसी भी प्रकार ऐसे शब्दों की पूरी सूची नहीं है जिनका प्रयोग लोग अपने बारे में वर्णन करने के लिए करते हैं। कई सभ्याचारों ने ‘ट्रांस’ लोगों के बारे में वर्णन के लिए अपनी शब्दावलियां विकसित की हैं। दक्षिणी एशिया के हीजड़ा या खुसरा से लेकर पॉलिनेशिया के Fa’afafine तक, थाइलैंड के लेडी-बॉयज़ तथा टॉमबॉयज़ और न्यूजीलैंड के Takatāpui तक बहुत सारे ऐसे शब्द हैं जिनका प्रयोग ट्रांस लोग अपने वर्णन के लिए करते हैं।
ट्रांस नवागंतुक कौन है?
हो सकता है कि “ट्रांसजेंडर” आपको एक नया शब्द लगे। उत्तरी अमेरिका में अक्सर ट्रांसजेंडर शब्द का छोटा रूप ‘ट्रांस’ अथवा ‘ट्रांस*’ (सितारे * का प्रयोग जेंडर-क्वीयर जैसी गैर-द्विचर या गैर-बाइनरी पहचान वाले लोगों को शामिल करने के लिए किया जाता है) प्रयोग होता है। यह एक बहु-आयामी शब्द है जो विभिन्न प्रकार के ऐसे लोगों के लिए प्रयोग किया जाता है जिनकी लैंगिक पहचान तथा/अथवा अभिव्यक्ति निर्धारित लैंगिक के आधार पर उम्मीद से भिन्न होती है।
नवागंतुक वह व्यक्ति है जिसका जन्म कैनेडा से बाहर हुआ था तथा वह एक इमीग्रेंट या रिफ्यूजी है। हम सभी नए आए लोगों की सहायता करते हैं जिनमें शरणार्थी पद के दावेदार, शरणार्थी, आरक्षित लोग, इमीग्रेंट, काम/पढ़ाई के पर्मिट वाले तथा दूसरे ऐसे सभी लोग शामिल हैं जो ब्रिटिश कोलंबिया में स्वयं को नया महसूस करते हैं।